कोरबा (मंथन) जानकारी के अनुसार भारतमाला सड़क मार्ग पर चलते वाहन पर पथराव किया गया। माना जा रहा हैं की लूट के इरादे से बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया। कोरबा जिला के मानिकपुर निवासी एक परिवार इस हमले में बाल-बाल बच गया। एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी घटना घटित हुई हैं।
जानकारी के अनुसार मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत एसईसीएल निवासी अपने मित्र के साथ बिलासपुर से लौट रहे थे। बिलासपुर के आगे भारतमाला मुख्य मार्ग पर कुछ युवकों ने उनकी चलती कार पर अचानक पत्थर फेंकना शुरू कर दिया।
* हमलावर तीन युवक-कार हुई क्षतिग्रस्त
वाहन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और सीधे कोरबा के सर्वमंगला पहुंचकर रुके। इस दौरान कार के दोनों ओर पत्थर लगने के निशान थे और वाहन क्षतिग्रस्त हो गया था। पीड़ित युवक ने बताया कि हमलावर तीन युवक थे, जिनका इरादा लूटपाट का था। उन्होंने आशंका जताई कि यदि वे गाड़ी रोकते तो कोई बड़ी वारदात हो सकती थी। इस मार्ग पर लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है।
इससे पहले उरगा थाना क्षेत्र के बलौदा तरदा मार्ग पर भी ऐसी ही घटना घटित हुई थी। उस दौरान भारतमाला सड़क से गुजर रही एक कार पर तीन से पांच बदमाशों ने पत्थर फेंके थे। एक बड़ा पत्थर कार के शीशे से टकराकर अंदर बैठी एक युवती की आंख में जा लगा, जिससे उसे गंभीर चोट आई। घायल युवती को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि आंख में गंभीर चोट के कारण कॉर्निया क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
बताया जा रहा हैं की उक्त घटना के संबंध में पीड़ित युवक ने अभी तक पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
29 अप्रैल / मंथन मित्तल



