कोरबा (मंथन) कोरबा अंचल के कोरबा-पूर्व में बसी सीएसईबी कॉलोनी में एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार आवास नंबर SE/-303 के पास खड़ा एक विशाल सरई का पेड़ अचानक गिर पड़ा, जिससे वहां बना वाहन पार्किंग शेड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पेड़ का कुछ हिस्सा सड़क तक फैल जाने से कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित हुआ।
घटना के समय स्थल पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई। बताया जा रहा हैं की यदि यह घटना कुछ देर पहले या बाद में होती, तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। उक्त स्थान कॉलोनी का व्यस्तम क्षेत्र है, जहां रोजाना लोगों की आवाजाही और वाहनों की पार्किंग रहती है। ऐसे में पेड़ गिरने की घटना ने कॉलोनीवासियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों का कहना है कि क्षेत्र में जर्जर एवं खतरनाक पेड़ों को लेकर पूर्व में कई बार संबंधित विभाग को अवगत कराया गया है। जनदर्शन में भी यह मामला उठाया जा चुका है, इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है। मानसून के नजदीक आते ही ऐसे हादसों की आशंका और बढ़ गई है। हर वर्ष आंधी-तूफान के दौरान पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे कॉलोनीवासियों में भय का माहौल बना हुआ है।
वार्ड पार्षद राकेश वर्मा ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह एक गंभीर चेतावनी है। उन्होंने संबंधित विभाग से शीघ्र कार्यवही कर खतरनाक पेड़ों की छंटाई एवं हटाने की मांग की है।कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि संभावित खतरे को देखते हुए तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
23 अप्रैल / मंथन मित्तल



