दो नाबालिग भी पकड़ाए
* चोरी गया माल-मशरूका बरामद
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले में “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बालको नगर पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए रात्रि पहर घरों में घुसकर चोरी करने वाले एक कथित आरोपी सहित दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गया माल-मशरूका भी बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार प्रार्थी ने 19 अप्रैल को थाना बालको नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19-20 अप्रैल की रात 11 बजे से 3 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने परसाभाठा स्थित उनके घर में घुसकर किचन में रखा इंडियन गैस सिलेंडर और बच्चों की साइकिल चोरी कर ली। इसके अलावा उन्होंने पड़ोसी घर के आंगन का दरवाजा खोलकर वहां से किर्लोस्कर कंपनी का सबमर्सिबल (टुल्लू) पंप, गैस सिलेंडर और सिल्वर की सीढ़ी भी चोरी कर ली। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 228/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) एवं 305 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर टीम गठित कर जांच तेज की गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में तीन संदिग्ध युवक चोरी करते दिखाई दिए।पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
मुख्य आरोपी सहित दो विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल थे। कथित आरोपी के घर से चोरी गया माल-मशरूका बरामद किया गया, जिसमें गैस सिलेंडर, साइकिल, सबमर्सिबल पंप, सिल्वर की सीढ़ी आदि शामिल हैं।
पुलिस ने मुख्य आरोपी एवं दोनों विधि से संघर्ष बालकों के विरुद्ध विधिवत कार्यवाही करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है। कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में चोरी और अन्य अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नागरिकों से अपील की गई है कि संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्यवाही की जा सके।
23 अप्रैल / मंथन मित्तल



