* 24 घंटे बाद मिला शव
कोरबा (मंथन) कोरबा -चांपा राष्ट्रीय राजमार्ग अंतर्गत उरगा थाना क्षेत्र के कुदुरमाल एनिकट में मछली पकड़ने गए एक पति-पत्नी के साथ हादसा घटित हो गया। गहरे पानी में डूबने से पति की मृत्यु हो गई, जबकि उसकी पत्नी बाल-बाल बच गई। नगर सेना की डीडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू कर शव लगभग 24 घंटे बाद बरामद किया।
पति को डूबता देख पत्नी ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और पानी की गहराई के कारण वह सफल नहीं हो सकी। उसकी आंखों के सामने ही पति गहरे पानी में समा गया। घबराई पत्नी किसी तरह ग्राम पहुंच परिजनों व ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण एनिकट पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने पुलिस टीम को मौके पर भेजा और नगर सेना की डीडीआरएफ टीम को भी जानकारी दी गई। डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। पानी का तेज बहाव और अधिक गहराई होने के बावजूद टीम ने देर शाम तक तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
दूसरे दिन सुबह डीडीआरएफ की टीम ने दोबारा एनिकट में तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद टीम ने उसका शव पानी से बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद परिजनों में मातम छा गया।उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि शव बरामद कर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने कुदुरमाल एनिकट में सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने और चेतावनी बोर्ड लगाने मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे इंतजाम होने से लोगों को गहरे और खतरनाक हिस्सों के बारे में पहले से जानकारी मिल सकेगी और हादसों को रोका जा सकेगा।
20 सितंबर / मंथन मित्तल





