कोरबा (मंथन) जानकारी के अनुसार कोरबा-कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बांगो थाना क्षेत्र के मोरगा चौकी अंतर्गत मोरगा-केंदई मार्ग में हसदेव पुल के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में दो लोगों की दर्दनाक मृत्यु हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर घायल बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार एक हाईवा और पिकअप वाहन के बीच जबरदस्त टक्कर में दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि हाईवा चालक वाहन में ही फंस गया। मौके पर पहुंचे लोगों और पुलिस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला। हादसे के बाद अफरा-तफरी मची रही।
घटना की सूचना मिलते ही मोरगा चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लेते हुए आगे की कार्यवाही शुरू की। घायल को तत्काल चिकित्सालय भिजवाया गया, वहीं मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। दोनों मृतक बिहार प्रांत के निवासी बताए जा रहे हैं।
21 फरवरी / मंथन मित्तल



