
* फ्लाई ऐश डंपिंग और पर्यावरणीय समस्याओं के निराकरण की मांग
कोरबा (मंथन) दर्री-जमनीपाली क्षेत्र के युवाओं ने छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीजीसीएल) एचटीपीएस कोरबा-पश्चिम के कार्यपालक निदेशक (ईडी) को क्षेत्र की जनसमस्याओं, फ्लाई ऐश डंपिंग और पर्यावरण प्रदूषण को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में युवाओं ने बताया कि एचटीपीएस प्लांट और टाउनशिप में लगातार चोरियां हो रही हैं। साथ ही फ्लाई ऐश डंपिंग से गर्मी के दिनों में राख उड़ने से वायु प्रदूषण बढ़ रहा है, जिसका असर जलस्रोतों और कृषि भूमि पर पड़ रहा है।
युवाओं ने ग्राम नवागांव और मड़वा महुआ बस्ती के पास राखड़ डंपिंग स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, रिटेनिंग वॉल, तटबंध और जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की। टाउनशिप के बीच स्थित राखड़ डंप को हटाकर आवासीय क्षेत्र से दूर व्यवस्थित करने, प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण और निष्पक्ष जांच की मांग भी रखी गई।
इसके अलावा राखड़ बांध के आसपास वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण, पुराने क्वार्टरों के ध्वस्तीकरण की जांच और निर्माण कार्यों में स्थानीय युवाओं को नियमानुसार रोजगार देने की मांग की गई। युवाओं ने कहा कि सीएसपीजीसीएल की सीएसआर निधि का उपयोग स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल और सामुदायिक विकास के लिए पारदर्शी तरीके से होना चाहिए।
युवाओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं हुआ तो जनहित में लोकतांत्रिक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में दिव्यांश अग्निहोत्री, योगेश जायसवाल, पुष्पेंद्र भारिया, किशोर साहू, विजय साहिस, भुवनेश्वर दुबे, नीरज यादव, मोनेश टंडन आदि सहित बड़ी संख्या में अन्य युवा उपस्थित थे।
30 अक्टूबर / मंथन मित्तल





