* मुख्यमंत्री के हाथों हुई सम्मानित
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले में वन धन विकास केंद्र डोंगानाला का संचालन करने वाली स्व सहायता समूह की महिलाओं राज्य में जिले का नाम रोशन किया है। जानकारी के अनुसार समूह की महिलाएं 20 तरह की आयुर्वेदिक औषधि उत्पाद तैयार करते है। इस उत्पाद को अलग-अलग स्थानों में विक्रय किया जाता है, जिससे मिलने वाली लाभांश से महिलाएं आत्मनिर्भर हुई है। उन्हें सहकारिता को सशक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने सहकार प्रेरणा सम्मान व लाभांश राशि से सम्मानित किया है।
बताया जा रहा हैं की कटघोरा वनमंडल के डोंगानाला में वन धन विकास केंद्र का संचालन किया जाता है। केंद्र के संचालन की जिम्मेदारी हरि बोल स्व सहायता समूह की महिलाएं बखूबी निभा रही हैं। समूह की महिलाएं 20 तरह के आयुर्वेदिक औषधि उत्पाद तैयार करती है। इस उत्पाद को आयुष विभाग के अलावा प्रदेश के विभिन्न संजीवनी केंद्रों में आपूर्ति की जाती है। स्व सहायता समूह की महिलाओं ने वर्ष 2024-25 में 2.27 करोड़ का उत्पाद तैयार कर सफलता पूर्वक विक्रय करने में सफलता पाई है।
इस उपलब्धि के लिए महिला स्व सहायता समृह का चयन 3 जुलाई को राजधानी रायपुर के कृषि मंडल आडिटोरियम में होने वाली राज्य स्तरीय सहकारिता सप्ताह के लिए किए गया था। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के अलावा वनमंत्री केदार कश्यप उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने महिलाओं को कड़ी मेहनत के दम पर आत्मनिर्भर बनने के लिए सहकार प्रेरणा सम्मान व लाभांश देकर सम्मानित किया है। इसके अलावा कटघोरा वनमंडल के दो तेंदूपत्ता संग्राहक को उत्कृष्ट संग्राहक का प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है। कार्यक्रम में कटघोरा डीएफओ कुमार निशांत के अलावा अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
09 जुलाई / मंथन मित्तल



