* लॉकर-तिजोरी नहीं खोल पाया चोर
* सीसीटीवी बंद, गार्ड भी नहीं मिला तैनात
कोरबा (मंथन) कोरबा-चांपा राष्ट्रीय राजमार्ग अंतर्गत ग्राम भैंसमा में संचालित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक में चोरी का असफल प्रयास किया गया। अज्ञात चोर बैंक का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुआ और लॉकर व तिजोरी तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका।
इसके बाद उसे खाली हाथ लौटना पड़ा। घटना की सूचना मिलने पर 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने नकबजनी और चोरी के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
* पुलिस खंगाल रही आसपास के सीसीटीवी फुटेज
सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति बैंक के अंदर प्रवेश करता हुआ दिखाई दे रहा है। बैंक में घुसने के बाद आरोपी ने मुख्य ताला अपने साथ ले लिया। पुलिस को आशंका है कि उसने सबूत मिटाने के इरादे से ऐसा किया होगा। इसके बाद उसने बैंक के लॉकर और अन्य अलमारियों को खोलने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें खोल नहीं सका।
* बैंक का सीसीटीवी मिला बंद-गार्ड भी नहीं था
घटना के बाद बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद पाए गए। वहीं, रात के समय बैंक में कोई सुरक्षा गार्ड भी तैनात नहीं था। बैंक मैनेजर ने पुलिस को बताया कि सीसीटीवी काम नहीं कर रहा था। इससे आरोपी की पहचान करने में पुलिस को परेशानी हो रही है।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस ने नकबजनी और चोरी के प्रयास का मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस बैंक के आसपास आने-जाने वाले रास्तों और संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने आगे बताया कि पुलिस समय-समय पर जिले के सभी बैंक प्रबंधकों की बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निर्देश देती है। कुछ दिन पहले ही सभी बैंकों का सर्वे कराया गया था। इसमें कई जगह सुरक्षा संबंधी कमियां मिली थीं, जिसके बाद संबंधित बैंक प्रबंधन को नोटिस भी जारी किए गए थे।
पुलिस ने सभी बैंक और वित्तीय संस्थानों से सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त रखने और रात में सुरक्षाकर्मी की तैनाती सुनिश्चित करने अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही मिलने पर बैंक प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। साथ ही संबंधित बैंक के उच्च कार्यालय को पत्र लिखकर जिम्मेदारों पर कार्यवाही की सिफारिश भी की जाएगी।
18 अगस्त / मंथन मित्तल





