कोरबा (मंथन) कोरबा जिलान्तर्गत वन परिक्षेत्र बालको, वनमंडल कोरबा द्वारा 1 अगस्त शनिवार को वन महोत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में पौधरोपण, रक्तदान, पौधा वितरण और जागरूकता बाइक रैली जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 9:30 बजे एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में पौधरोपण से होगा। इसके बाद 10:30 बजे से रक्तदान शिविर एवं पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई है। वन महोत्सव के अंतर्गत दोपहर 12 बजे से जागरूकता बाइक रैली निकाली जाएगी। रैली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और हरियाली बढ़ाने का संदेश शहरवासियों तक पहुंचाया जाएगा।
बाल्को वन परिक्षेत्र रेंजर जयंत सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर एक पौधा लगाने का संकल्प लें और प्रकृति संरक्षण के इस अभियान का हिस्सा बनें। विभाग का मानना है कि पर्यावरण संरक्षण तभी प्रभावी होगा, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति इसमें अपनी जिम्मेदारी निभाए। इसी उद्देश्य के साथ वन महोत्सव 2026 के माध्यम से लोगों को हरियाली, स्वच्छ पर्यावरण और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति जागरूक किया जाएगा।
01 अगस्त / मंथन मित्तल



