* लाठी और तीर से हमला
* 3 लोग घायल
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत जटगा रेंज के ग्राम साहिलाभांटा में मवेशी चराने को लेकर ग्रामीणों और बाहरी चरवाहों के बीच विवाद हो गया। विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों की ओर से हुई हिंसा में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। चरवाहों के लाठी से किए हमले में दो ग्रामीण घायल हुए, जबकि जवाबी कार्यवाही में एक ग्रामीण द्वारा चलाया गया तीर एक चरवाहे की कमर में जा लगा।
* 650 से ज्यादा भेड़-बकरी और घोड़ों के साथ पहुंचे थे चरवाहे
जानकारी के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले कवर्धा, बिलासपुर, बेमेतरा और मुंगेली जिले से लगभग आधा दर्जन चरवाहे साहिलाभांटा क्षेत्र में पहुंचे थे। उनके साथ 650 से अधिक भेड़, बकरी और घोड़े बताए जा रहे हैं। चरवाहे शुरुआत में करीब दो दिन जंगल में रुके और इसके बाद ग्राम के बाहर तंबू लगाकर रहने लगे।
ग्रामीणों का आरोप है कि चरवाहों के मवेशी पिछले कुछ दिनों से आसपास के खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे थे। इसी बात को लेकर ग्रामीणों और चरवाहों के बीच विवाद की स्थिति बनी।
* खेत में मवेशी घुसने पर शुरू हुआ विवाद
सुबह ग्रामीण ने अपने खेत में मवेशियों के घुसने पर आपत्ति जताई। इसी दौरान उनकी चरवाहों से बहस हो गई। सुबह ग्रामीण अपने साथी के साथ खेत की ओर जा रहे थे। रास्ते में दोनों का सामना फिर चरवाहों से हो गया और विवाद बढ़ गया।
* लाठी से हमला, दो ग्रामीण घायल
आरोप लगाते हुए बताया गया हैं की विवाद बढ़ने पर चरवाहों ने दोनों ग्रामीण पर लाठियों से हमला कर दिया। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि एक ग्रामीण की कमर और दूसरे के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। दोनों का इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा में जारी है।
* जवाब में चला तीर, चरवाहे की कमर में लगा
बताया जा रहा हैं की मारपीट के दौरान घायल एक ग्रामीण ने कथित तौर पर धनुष से तीर चला दिया। तीर कबीरधाम जिले के ग्राम भानपुर निवासी चरवाहे की कमर में जा लगा। घायल ग्रामीण को उपचार के लिए कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
* वन विभाग ने दर्ज किया अवैध चराई का मामला
वन विभाग के अनुसार, जंगल में भेड़ चराने पर रोक है। विभाग का कहना है कि भेड़ों की चराई से पौधों को जड़ से नुकसान पहुंच सकता है। इसके बावजूद क्षेत्र में चराई किए जाने की शिकायत सामने आई थी। घटना के बाद वन परिक्षेत्राधिकारी नरेंद्र डोंडे के निर्देश पर वन विभाग ने अवैध चराई का मामला दर्ज किया है। चरवाहों को नोटिस भी जारी किया गया है। मामले में आगे की कार्यवाही की जा रही है।
16 सितंबर / मंथन मित्तल





