* दो घंटे रिंग रोड जाम करने का आरोप
* बालको पुलिस ने अज्ञात प्रदर्शनकारियों पर दर्ज किया जुर्म
कोरबा (मंथन) कोरबा जिलान्तर्गत बालको के रिंग रोड पर 15 सितंबर को शांतिनगर के प्रभावित लोगों द्वारा किए गए चक्काजाम का मामला थाने तक पहुंच गया है। करीब दो घंटे तक सड़क पर आवागमन बाधित होने की शिकायत के बाद बालको पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शांतिनगर संघर्ष समिति से जुड़े प्रभावित लोग रोजगार, पुनर्वास समेत अपनी लंबित मांगों को लेकर बालको प्रबंधन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों ने रिंग रोड पर कुर्सियां और दर्री बिछाकर चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और लोगों को काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसी चक्काजाम को लेकर ग्राम नकटीखार निवासी एक व्यवसायी ने बालको थाना में लिखित शिकायत दी। शिकायत में बताया गया कि 15 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे वह कार से बालको से कोरबा की ओर जा रहा था। रिंग रोड पर चक्काजाम के कारण वह करीब दो घंटे तक जाम में फंसा रहा। शिकायतकर्ता ने सड़क अवरुद्ध कर आवागमन बाधित करने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्यवाही करने मांग की। शिकायत के आधार पर बालको पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
* वीडियो और मौके पर मौजूद लोगों से होगी पहचान
पुलिस अब चक्काजाम के दौरान बनाए गए वीडियो, मौके पर मौजूद लोगों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्रदर्शन में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस की कार्यवाही के बाद अब शांतिनगर के आंदोलन की आगे की दिशा पर भी नजर बनी हुई है।
16 सितंबर / मंथन मित्तल





