कोरबा (मंथन) कटघोरा-कोरबा मार्ग पर ग्राम सलोरा के पास कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों को गंभीर चोटें आई हैं। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार कोरबा की ओर से आ रही कार ग्राम सलोरा के पास बाइक से जा भिड़ी। कार की चपेट में आने से बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवक लेमरू थाना क्षेत्र के देवपहरी निवासी हैं और ग्राम सलोरा स्थित टायर फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं।
* टक्कर के बाद सड़क पर मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। दोनों युवकों की गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी के नेतृत्व में एएसआई चंद्रमणि खांडेकर, राजेंद्र प्रताप सिंह, नीलम केरकेट्टा सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सको ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
* हादसे से लगा लंबा जाम
दुर्घटना के बाद कटघोरा-कोरबा मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस की तत्परता से कुछ ही देर में जाम खुल गया और आवागमन सामान्य हुआ। हादसे के बाद दुर्घटना के कारणों को लेकर जांच की कार्यवाही की जा रही है।
01 नवंबर / मंथन मित्तल





