* बांकीमोंगरा में कार्यकर्ताओं को मिला संगठन और चुनाव प्रबंधन का गुर
कोरबा (मंथन) भारतीय जनता पार्टी मंडल बांकीमोंगरा द्वारा आयोजित डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म प्रशिक्षण मंडल का आयोजन सरस्वती शिशु मंदिर, गेवरा बस्ती में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं को आधुनिक डिजिटल तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल प्रभारी अजय दुबे ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता, नगर निगम कोरबा के पार्षद एवं एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मुख्य वक्ता हितानंद अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि “डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म केवल प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि समर्पित और सक्षम कार्यकर्ताओं के निर्माण की पाठशाला है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसका बूथ स्तर तक सक्रिय संगठन है। यदि बूथ मजबूत होगा तो चुनावी जीत स्वतः सुनिश्चित होगी।” उन्होंने बूथ समिति की भूमिका, पन्ना प्रमुख की जिम्मेदारियां, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग, मतदाता संपर्क अभियान तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक घर तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्षा श्रीमती सोनी विकास झा, भाजपा जिला मंत्री श्रीमती कमला देवी बरेठ, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष अजीत कैवर्त, सुनीता पाटिल, व्यापार प्रकोष्ठ के जिला सह-संयोजक संजय पांडे, मुकुल कर्ष, लखन राठौर सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण में मंडल पदाधिकारी, सभी मोर्चों के अध्यक्ष, शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक, बूथ अध्यक्ष, सचिव, युवा प्रमुख, महिला प्रमुख, बीएलए-2, ‘मन की बात’ प्रमुख तथा बड़ी संख्या में ज्येष्ठ-श्रेष्ठ कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही। पूरे प्रशिक्षण कार्यक्रम में संगठन को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने और बूथ स्तर तक भाजपा की संगठनात्मक मजबूती को नई गति देने का संकल्प दोहराया गया।
02 जुलाई / मंथन मित्तल



