* शव सड़क पर रख किया 2 घंटे चक्काजाम
कोरबा (मंथन) कोरबा-पश्चिम के बांकीमोंगरा क्षेत्र में चांदनी चौक के पास रात लगभग 8 बजे एक ट्रैलर की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मृत्यु हो गई। बताया जा रहा हैं की टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक ट्रैलर के नीचे फंस गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों युवकों के शव सड़क पर रखकर लगभग 2 घंटे तक चक्काजाम किया।
प्रदर्शनकारी ट्रैलर वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्यवाही और मृतकों के परिवारों को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। अधिकारियों की समझाइश के बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात बहाल कराया गया।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया की ग्राम रोंगा की ओर से आ रहे ट्रैलर ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर ग्राम अरदा गांव निवासी सूरजभान ठाकुर और सूरज पटेल नामक युवक सवार थे।
टक्कर के बाद दोनों युवक गंभीर घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई।
भीषण सड़क हादसे में सूरजभान ठाकुर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर घायल सूरज पटेल को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई।
दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजन और गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
* शव सड़क पर रखकर किया चक्काजाम
आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने दोनों शवों को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब दो घंटे तक चले चक्काजाम के कारण रोंगा-बांकीमोंगरा मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शनकारी ट्रैलर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे।
चक्काजाम की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार और बांकीमोंगरा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद परिजन और ग्रामीण मान गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और सड़क पर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई गई।
दर्री सीएसपी विमल पाठक ने बताया कि पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रैलर को जब्त कर लिया है। हादसे के बाद ट्रैलर चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
18 अगस्त / मंथन मित्तल





