* मायके वालों ने पति पर हत्या का जताया शक
कोरबा (मंथन) जानकारी के अनुसार कोरबा जिले के श्यांग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छिरहुट में शनिवार को 23 वर्षीय नवविवाहिता की कब्र खोदकर उसका शव बाहर निकाला गया। यह कार्यवाही पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में की गई। मृतका के मायके पक्ष ने उसकी मौत पर शक जताते हुए शिकायत दर्ज कराई थी।
जानकारी के अनुसार, रायगढ़ जिले के कुमा गांव की निवासी युवती का विवाह तीन साल पहले छिरहुट गांव के युवक से हुआ था। दंपती का डेढ़ साल का एक बच्चा भी है। पति ने बताया था कि 16 जून को उसकी तबीयत अचानक बिगड़ी और उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को दफना दिया था।
बताया जा रहा हैं की मृतका के मायके पक्ष को उसकी मौत की सूचना मिलने पर संदेह हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि पति पत्नी के चरित्र पर संदेह को लेकर अक्सर झगड़ा करता था। मायके वालों ने पति पर हत्या कर शव दफनाने का आरोप लगाते हुए श्यांग थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और शव के उत्खनन की मांग की। शिकायत मिलने के बाद श्यांग थाना पुलिस ने कार्यवाही की। शनिवार को एसडीओपी, थाना प्रभारी, सीन ऑफ क्राइम टीम और जिला प्रशासन की ओर से नए तहसीलदार की मौजूदगी में छिरहुट गांव में कब्र की खुदाई कराई गई। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर मौजूद थे। पुलिस टीम ने शव को कब्र से निकालकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
20 जून / मंथन मित्तल



