* टी.पी. नगर क्षेत्र में घटित हुई घटना
कोरबा (मंथन) कोरबा अंचल के टी.पी. नगर क्षेत्र में बीच सड़क से हुई एक चोरी ने नगर निगम के अधिकारियों सहित आसपास के लोगों को अचरज में दाल दिया हैं। अज्ञात लोगों ने सड़क के बीच डिवाइडर में लगाए गए पौधों को उखाड़ उसकी चोरी कर ली।
नगर पालिक निगम द्वारा शहर की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के साथ-साथ शहर का सौंदर्यीकरण कर इसे संजाने-संवारने की दिशा में नित नये कार्य किये जा रहे हैं। दूसरी तरफ चोरों की नजर इसे लगती जा रही है। चोरी की यह वारदात मंगलवार अलसुबह लगभग 4 बजे की बताई जा रही है। आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह हरकत कैद हुई है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार अलसुबह लगभग 4 बजे एक इलेक्ट्रिक ऑटो में सवार होकर चार लोग पहुंचे। इन लोगों ने डिवाइडर पर कुछ दिन पहले लगाए गए पाम के पौधों में से करीब तीन से चार पौधों को उखाड़ा और ऑटो में भरकर चलते बने। यह चोरी जितनी हास्यास्पद और रहस्यमय बनी हुई है वहीं आश्चर्य इस बात का है कि चोरों की हरकत इतनी गिर चुकी है कि वह अब सौंदर्यीकरण के पौधों को भी चुराने लगे हैं। जिन लोगों ने तड़के सरेआम बीच सड़क से पौधों को उखाड़ कर चुराया है, उनकी तलाश में अधिकारी जुटे हुए हैं और पुलिस की मदद ली जा रही है।
* शहर को मिल रहा नया लुक, डिवाईडर बन रहे ग्रीन बेल्ट
नगर पालिक निगम द्वारा शहर में सौदंर्यीकरण को नित नये आयाम दिये जा रहे हैं, सड़कों को नया लुक मिल रहा है एवं डिवाईडर ग्रीन बेल्ट के रूप में विकसित हो रहे हैं। डिवाईडरों में हरीतिमा के साथ रंग-बिरंगे फूल खिल रहे हैं। 10 अप्रैल को महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय की उपस्थिति में टी.पी. नगर से पावर हाउस मुख्य मार्ग क्षेत्र में निगम द्वारा किये गये रोड डिवाईडर प्लांटेशन का लोकार्पण किया था। मुख्य मार्ग साईट डिवाईडर पर 160 पाम के पौधें रोपित कर ग्रीन बेल्ट का स्वरूप दिया गया है। उद्यान अधीक्षक आनंद राठौर ने बताया कि उक्त सम्पूर्ण मार्ग पर निगम द्वारा 600 पाम के पौधे रोपित किये जायेंगे, ताकि इस सम्पूर्ण मुख्य मार्ग को ग्रीन बेल्ट के रूप में विकसित व सुसज्जित किया जा सके।
17 अप्रैल / मंथन मित्तल



