* कोयला खदान में सुरक्षागत घोर लापरवाही उजागर
कोरबा (मंथन) सार्वजनिक क्षेत्र के वृहद उपक्रम कोल् इंडिया की अनुसांगिक कंपनी एसईसीएल बिलासपुर के अधीन कोरबा-पश्चिम क्षेत्र में स्थापित एवं संचालित खुले मुहाने की गेवरा कोयला परियोजना अंतर्गत एसईसीएल की मेगा परियोजना कुसमुंडा कोयला खदान क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया। एक निजी कंपनी का एक विशालकाय डंपर अनजाने में ऊपर से गुजर रही बिजली की हाई-टेंशन लाइन की चपेट में आ गया। गनीमत यह रही कि उस समय लाइन में विद्युत आपूर्ति बंद थी, जिसके कारण डंपर चालक की जान बाल-बाल बच गई।
जानकारी के अनुसार एक निजी कंपनी के अधीन कार्यरत डंपर चालक खदान क्षेत्र में काम कर रहा था। इसी दौरान डंपर का ऊपरी हिस्सा वहां से गुजरे बिजली के तार से उलझ गया। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। मौजूद लोगों ने देखा कि बिजली का तार डंपर के पिछले टायरों और डाला बॉडी के बीच बुरी तरह फंस चुका था। अगर उस वक्त लाइन चालू होती, तो डंपर में करंट फैलने के साथ ही कुछ भी हो सकता था और वाहन चालक की जान पर खतरा संभावित था।
05 जुलाई / मंथन मित्तल



