* जन्मदिवस समारोह के दौरान हुए विवाद के बाद वारदात को दिया गया अंजाम
कोरबा (मंथन) कोरबा-चांपा सड़क मार्ग अंतर्गत उरगा थाना क्षेत्र में एक निजी रिसोर्ट में ट्रांसपोर्ट कारोबारियों के जन्मदिवस समारोह के दौरान मादक द्रव्य पदार्थो का सेवन कर नशे में विवाद और मारपीट हुई। चेकआउट के पश्चात एक ट्रांसपोर्टर ने दूसरे ट्रांसपोर्टर की कैंपर वाहन से कुचलकर हत्या कर दी।
मृतक की पहचान दीपका क्षेत्र के गरुणनगर निवासी युवक के रूप में की गयी, वो शादीशुदा था। उसके बच्चे भी हैं। जानकारी के अनुसार पुलिस ने फरार कथित आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल वाहन को जब्त कर लिया है। जांच में सामने आया कि उक्त कथित आरोपी हरियाणा भागने की फिराक में था, लेकिन इससे ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार 3 जुलाई की रात्रि दीपका क्षेत्र के एक ट्रांसपोर्टर का जन्मदिवस था। पार्टी करने के लिए 20 से 25 युवक रिसोर्ट पहुंचे थे। इनमें से ज्यादातर कोयला ट्रांसपोर्टर का काम करते हैं। रात लगभग 11:30 बजे किसी मामूली बात पर युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। तद्पश्चात रिसॉर्ट में भी अन्य लोगों से झगड़ा हुआ। ट्रांसपोर्टर्स के बीच आपस में विवाद काफी बढ़ गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इसी अफरा-तफरी के बीच कथित आरोपीने कैंपर वाहन को एक व्यक्ति पर चढ़ा दिया, जिसकी चपेट में आने से उसको गंभीर चोटें आईं और उसने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कथित आरोपी वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। अन्य लोगो से पूछताछ कर उनके बयान लिए गए है, जिसके बाद पुलिस नेउक्त कथित आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और संबंधित धाराओं के तहत जुर्म दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कथित आरोपी की तलाश शुरू की। टीम ने तकनीकी सबूत और सूचना के आधार पर कार्यवाही करते हुए कथित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा हत्या में इस्तेमाल बोलेरो कैंपर गाड़ी भी जब्त की गयी। आगे विधिवत कार्यवाही जारी हैं।
05 जुलाई / मंथन मित्तल



