* कई गुमठियां हुई क्षतिग्रस्त
* बस चालक को गिरफ्तार कर बस की गयी जब्त
कोरबा (मंथन) जानकारी के अनुसार कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र में रात्रि पहर एक बस चालक ने मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर नशे में बाराती बस सड़क किनारे बनी गुमठीनुमा दुकानों में घुसा दी। उक्त हादसे में कई दुकानों को नुकसान पहुंचा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर बस जब्त कर ली।
जानकारी के अनुसार, बस चालक एक बारात लेकर जा रहा था। आरोप है कि बस चालक मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर नशे में बस चला रहा था। बस में सवार बारातियों ने कई बार उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने किसी की बात नहीं सुनी।
तब कमलीडुग्गू के पास बाराती बस से उतर गए। इसके बाद चालक ने बस पर नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे बनी गुमठीनुमा दुकानों में जा घुसा। टक्कर से कई दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के समय दुकानें बंद थीं, इसलिए बड़ा हादसा टल गया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बस चालक के नशे में होने की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों और बारातियों ने उसे पकड़कर पीट दिया। इस दौरान बस भी छतिग्रस्त हो गयी।
सूचना पर पहुंची दर्री पुलिस ने भीड़ से चालक को छुड़ाकर गिरफ्तार कर लिया। दुर्घटनाग्रस्त बस को भी जब्त कर थाने लाया गया। दर्री थाना पुलिस ने चालक के खिलाफ मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर नशे में वाहन चलाने और लापरवाही से दुर्घटना करने के आरोप में मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।
12 जुलाई / मंथन मित्तल



