कोरबा (मंथन) प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र अजगरबहार में आयोजित एक दिवसीय रक्तदान शिविर मानव सेवा, सामाजिक जागरूकता और जनसहभागिता का प्रेरणादायक उदाहरण बन गया। 40 डिग्री से अधिक तापमान और उमस भरी गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर में पहुंचकर रक्तदान किया और जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा के लिए अपना अमूल्य योगदान दिया।
रक्तदान शिविर में मानवता की सेवा का ऐसा जज्बा देखने को मिला जिसने सभी को भावुक और प्रेरित कर दिया। शिविर में पहुंचे रक्तदाताओं ने घंटों अपनी बारी का इंतजार किया, लेकिन किसी के चेहरे पर थकान या शिकायत नहीं थी। सभी के मन में केवल एक ही भावना थी, किसी अनजान व्यक्ति के जीवन को बचाने में अपना योगदान देना।
इस अवसर पर सामाजिक सरोकारों के लिए सदैव सक्रिय रहने वाले रामायण सिंह मंझवार ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश करते हुए 44वीं बार रक्तदान किया। उनके इस उल्लेखनीय योगदान की उपस्थित लोगों ने सराहना की। लगातार 44 बार रक्तदान कर उन्होंने यह साबित कर दिया कि यदि संकल्प मजबूत हो तो समाज सेवा का कोई भी कार्य कठिन नहीं होता।
रामायण सिंह मंझवार ने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान एक ऐसा महादान है जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए, क्योंकि यह न केवल किसी की जान बचाता है बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होता है।
रक्तदान करने वाले सभी लोगो को स्वर्गीय बिसाहू दास महंत मेमोरियल मेडिकल कॉलेज संबद्ध इंदिरा गांधी चिकित्सालय, कोरबा की ओर से प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस सम्मान ने रक्तदाताओं के उत्साह को और बढ़ाया।
20 जून / मंथन मित्तल



