* मृतकों के परिजनों को 2 लाख की सहायता
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के समीपवर्ती सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता थर्मल पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि कुछ लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
इस घटना पर नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी अधिकृत जानकारी के अनुसार, मृतकों के निकटतम परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की जाएगी।
घटना के बाद राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है, जबकि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। यह हादसा औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। ऐसे में आवश्यक है कि पावर प्लांटों में सुरक्षा मानकों की कड़ाई से समीक्षा की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
15 अप्रैल / मंथन मित्तल



