* प्रसिद्ध ऐतिहासिक नगरी पाली में जुड़ेगी आध्यात्म की एक और ऐतिहासिक कड़ी
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले का ब्लॉक मुख्यालय पाली अपनी ऐतिहासिक विरासत के लिए कोरबा जिले में ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में अपनी पहचान रखता है। आध्यात्म की दृष्टि से ऐतिहासिक नगरी पाली जहां विख्यात है, इसे शिव की नगरी भी कहा जाता है। कल्चुरी काल में भगवान शिव का ऐतिहासिक मंदिर स्थापित होने का मंदिर निर्माण के शिलालेख में उल्लेख है। इस ऐतिहासिक नगरी में आध्यात्म की दृष्टि से एक और ऐतिहासिक मंदिर का नाम जुड़ने जा रहा है।
इस कड़ी में नेता सह समाज सेवक प्रशांत मिश्रा के नेतृत्व में जन सहयोग से एक भव्य मंदिर निर्माण की योजना 4 साल पूर्व बनी थी। अब इस भव्य मंदिर का निर्माण पूर्ण हो चुका है। राधा-कृष्ण धाम अब अपने भव्य रूप में आ चुका है और भगवान राधा-कृष्ण की दिव्य मूर्ति भी पाली पहुंच चुकी है। इस भव्य मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा की तिथि भी तय हो चुकी है।
इसी कड़ी में 3 दिन तक पाली में राधा-कृष्ण की दिव्य मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा अंतर्गत आध्यात्म की धारा बहेगी। प्रशांत मिश्रा ने बताया कि आषाढ़ शुक्ल पक्ष चतुर्थी विक्रम संवत 2083 दिन शनिवार से प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का शुभारंभ हो रहा है। प्रथम दिन 18 जुलाई दिन शनिवार को प्रात: भव्य और विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों की संख्या में नारी शक्ति शामिल होगी। कार्यक्रम के दूसरे दिन रविवार 19 जुलाई आषाढ़ शुक्ल पंचमी को हवन पूजन के साथ दिव्य मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी। आचार्य अभिवन शुक्ला, संजय कृष्णा द्विवेदी, वासुदेव पाण्डेय, कृष्णा तिवारी, विवेकानंद पंडा एवं सी.डी. वैष्णव सहित अन्य विद्वान पंडितों की उपस्थिति में दिव्य मंत्रोच्चार के साथ दिव्यता एवं भव्यता के साथ भगवान राधा कृष्ण की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी। बताया जा रहा है कि भगवान राधा-कृष्ण का युगल स्वरूप मन को मोह लेने वाला है। भगवान जगन्नाथ महाप्रभु और भगवान श्रीगणेश के मूर्त रूप की भी प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी। 20 जुलाई सोमवार आषाढ़ शुक्ल पक्ष को प्राण प्रतिष्ठित नव निर्मित राधा कृष्ण धाम में दिव्य महा आरती एवं पूजन समारोह के साथ विशाल भण्डारा आयोजित किया जाएगा।
इस तीन दिवसीय विशाल आध्यात्मिक आयोजन में मुख्य यजमान के रूप में प्रसिद्ध समाज सेवी प्रशांत मिश्रा अपनी धर्मपत्नी श्रीमती अनामिका मिश्रा के साथ व्यासपीठ के सामने बैठेंगे और प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को विद्वान आचार्यो के सानिध्य में संपन्न कराएंगे। प्रशांत मिश्रा ने कोरबा जिला सहित प्रदेशवासियों को इस आध्यात्मिक कुंभ में सादर आमंत्रित किया है।
15 जुलाई / मंथन मित्तल



