* श्रमिकों को मिलेगा सीधा आर्थिक लाभ
* ग्रामीण श्रमिकों की मजदूरी 261 से बढ़कर 300 रुपए प्रतिदिन
कोरबा (मंथन) विकसित भारत-जी-राम-जी (रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन-ग्रामीण) के लागू होने के पहले ही दिन ग्रामीण श्रमिकों को बड़ी सौगात मिली है। भारत सरकार द्वारा अकुशल श्रमिकों के लिए नई मजदूरी दरें अधिसूचित कर दी गई हैं, जो 1 जुलाई 2026 से प्रभावी हो गई हैं।
नई व्यवस्था के तहत छत्तीसगढ़ में ग्रामीण श्रमिकों की दैनिक मजदूरी 261 रुपए से बढ़ाकर 300 रुपए प्रतिदिन कर दी गई है। इस प्रकार मजदूरी दर में लगभग 13 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इससे जिले के हजारों ग्रामीण श्रमिकों की आय में वृद्धि होगी तथा उनकी आजीविका को नई मजबूती मिलेगी। भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों के लिए संशोधित मजदूरी दरें निर्धारित की गई हैं। अधिसूचना के तहत छत्तीसगढ़ में अकुशल हस्त श्रमिकों के लिए 300 रुपए प्रतिदिन की नई मजदूरी दर लागू की गई है।
नई मजदूरी दर लागू होने से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के प्रति उत्साह बढ़ेगा, विकसित भारत जी-राम-जी के माध्यम से ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होने की उम्मीद है। सरकार की यह पहल ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने और समावेशी विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
03 जुलाई / मंथन मित्तल



