* संतुष्टिपूर्ण निराकरण के दिये निर्देश
* निगम की “कनेक्ट टू कमिश्नर” व “महापौर की पाती” द्वारा प्राप्त जनसमस्याओं/शिकायतों के निराकरण का बन रही सशक्त माध्यम
* सुगम समस्याओं का 24 घंटे में हो रहा निराकरण
* आमजन को मिल रही समस्याओं से त्वरित राहत
* समय लगने वाली समस्याओं को लिया जा रहा कार्य प्रक्रिया में
कोरबा (मंथन) नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने “कनेक्ट टू कमिश्नर” में प्राप्त शिकायतों/संबंधित समस्याओं की वास्तविक स्थिति जानने, एक दर्जन स्थलों पर स्पाट निरीक्षण कर उनके संतुष्टिपूर्ण निराकरण के लिये अधिकारियों का मार्गदर्शन करते हुये शत-प्रतिशत शिकायतों का नियत समयसीमा में निराकरण सुनिश्चित किये जाने एवं समक्ष में प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। निगम की दो अभिनव योजनाएं “कनेक्ट टू कमिश्नर” एवं “महापौर की पाती” जनसमस्याओं व जनशिकायतों के त्वरित निराकरण का सशक्त माध्यम बन रही है, लोगों की शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेकर 24 घंटे के अंदर उनका निराकरण किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत एवं आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा दो अभिनव योजनाएं “कनेक्ट टू कमिश्नर” एवं “महापौर की पाती” क्रियान्वित की गई हैं, यह दोनों योजनाएं आम जनता की समस्या व शिकायतों के निराकरण का महत्वपूर्ण एवं सशक्त माध्यम बन रही है। सड़क, नाली, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाईट व विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई, अतिक्रमण अवैध कब्जा तथा निगम की अन्य सेवाओं व नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के संबंध में प्राप्त सुगम शिकायतों का 24 घंटे के अंदर निराकरण किया जा रहा है, वहीं ऐसी समस्याएं जिनका त्वरित निराकरण संभव नहीं है तथा उनके समाधान में प्रक्रियागत समय लगना हैं, ऐसी शिकायतों व समस्याओं को कार्यप्रक्रिया में लिया जा रहा है, निगम की इस जनहितैषी पहल का सीधा लाभ आमनागरिकों को मिल रहा है, उनकी समस्या निराकृत हो रही हैं तथा उन्हें त्वरित राहत मिल रही है।
* आयुक्त पहुंचे एक दर्जन स्पाट्स पर
“कनेक्ट टू कमिश्नर” के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों, समस्याओं के स्वरूप तथा उनके निराकरण की वास्तविक स्थिति से रूबरू होने आयुक्त आशुतोष पाण्डेय लगातार स्पाट निरीक्षण भी कर रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होने परसाभांठा साप्ताहिक बाजार, बालको सेक्टर 05 शापिंग सेंटर, वार्ड क्र. 16 पम्प हाउस, ट्रामासेंटर के सामने रिसदी रोड, वार्ड क्र. 21 बुधवारी बस्ती, सीतामणी गौमाता चौक, साकेत नगर लालूराम कालोनी, खरमोरा इंडस्ट्रियल एरिया, टी.पी. नगर राजू होटल के पास, मुड़ापार पीएम आवास, वार्ड क्र. 25 शिवाजी नगर, निहारिका क्षेत्र सहित अन्य विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों से जुड़ी समस्याओं व उनके निराकरण की धरातलीय स्थिति को जानने, इन स्पाट्स का निरीक्षण किया।
उन्होने सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाईट, साफ-सफाई, अतिक्रमण अवैध कब्जे आदि से जुड़ी प्राप्त शिकायतों पर की गई निराकरण की कार्यवाही का अवलोकन किया तथा वर्तमान तक लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिये।
* “कनेक्ट टू कमिश्नर” एक अभिनव पहल
नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा आमनागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान व शिकायतों के निराकरण के लिये “कनेक्ट टू कमिश्नर” योजना संचालित की जा रही है, इसके लिये मोबाईल नम्बर 94060-04300 जारी किया गया है, जो सीधे आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के व्हाटसअप से जुड़ा हुआ है, इसके माध्यम से आम नागरिक सीधे अपनी शिकायत व सुझाव आयुक्त श्री पाण्डेय तक पहुंचा रहे हैं, इसके अंतर्गत सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाईट, साफ-सफाई, अतिक्रमण अवैध कब्जा संबंधी शिकायतें व नागरिक सुझाव सहित निगम से जुड़े अन्य कार्यो से जुड़ी शिकायतें की जा सकती है।
* “महापौर की पाती” दे रही राहत
नगर निगम कोरबा द्वारा पेयजल, स्ट्रीट, लाईट व साफ-सफाई इन तीन महत्वपूर्ण नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का 24 घंटे के अंदर संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित कर लोगों को समस्याओं से त्वरित राहत देने के लिये “महापौर की पाती” योजना संचालित की जा रही है, जिसके तहत निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत के मुख्य प्रवेश द्वार के समीप लाल, हरे व नीले रंग के तीन लेटर बाक्स स्थापित किये गये हैं। लाल रंग के बाक्स में स्ट्रीट लाईट, हरे रंग के बाक्स में साफ-सफाई व नीले रंग के बाक्स में पेयजल से जुड़ी समस्याओं के शिकायत पत्र आमजन डाल रहे हैं, इन प्राप्त शिकायती पत्रों पर त्वरित कार्यवाही करते हुये 24 घंटे के अंदर समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है।
24जून / मंथन मित्तल



