कोरबा (मंथन) निर्धारित सीमा से अधिक आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ कोरबा पुलिस ने सख्त कार्यवाही शुरू कर दी है। थाना दीपका और थाना बाकीमोंगरा पुलिस ने तेज आवाज में डीजे बजाने के पांच अलग-अलग मामलों में पांच डीजे संचालकों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की है। पुलिस ने कार्यवाही के दौरान पांच वाहनों के साथ बड़ी मात्रा में डीजे साउंड सिस्टम और ध्वनि विस्तारक यंत्र जब्त किए हैं। सभी के खिलाफ कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार थाना दीपका क्षेत्र में तीन मामलों में कार्यवाही की गई। बाकीमोंगरा पुलिस ने भी तेज आवाज में डीजे बजाने वालों के खिलाफ दो मामलों में कार्यवाही की।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गणेश विसर्जन, आगामी त्योहारों और स्कूली परीक्षाओं को देखते हुए ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में डीजे बजाने तथा माननीय न्यायालय एवं एनजीटी के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ उपकरण और वाहन जब्ती सहित सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी। पुलिस ने डीजे संचालकों और आयोजकों से अपील की है कि वे निर्धारित ध्वनि सीमा और लागू नियमों का पालन करें। तेज आवाज में डीजे बजाकर आम लोगों, विद्यार्थियों और आसपास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों को परेशानी न पहुंचाएं। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित संचालक के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
24 सितंबर / मंथन मित्तल





