* मोबाइल चलाया, फर्जी दस्तावेज लगाए तो होगी एफआईआर
* लोक शिक्षण संचालनालय का आदेश जारी
कोरबा (मंथन) लोक शिक्षण संचालनालय ने शिक्षक के 1654 पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। इन पदों के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की ओर से 25 अक्टूबर को परीक्षा कराई जाएगी। भर्ती परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। परीक्षा केंद्र या परिसर में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने, फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत करने अथवा अनुशासनहीनता करने पर अभ्यर्थी का चयन रद्द किया जा सकता है। साथ ही संबंधित अभ्यर्थी के खिलाफ आपराधिक मामला भी दर्ज कराया जाएगा।
परीक्षा में नकल या अनुचित साधनों का इस्तेमाल नौकरी का अवसर गंवाने के साथ जेल जाने का कारण भी बन सकता है। भर्ती में ई-संवर्ग के 868 और टी-संवर्ग के 786 पद शामिल हैं। आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण शर्त यह है कि वे केवल एक विषय के लिए ही आवेदन कर सकेंगे। यदि किसी अभ्यर्थी ने एक से अधिक विषय में आवेदन किया तो उसके सभी संबंधित आवेदन निरस्त कर दिए जाएंगे। अभ्यर्थी के पास स्नातक के साथ निर्धारित शिक्षाशास्त्र की योग्यता होना जरूरी है। इसमें दो वर्षीय प्रारंभिक शिक्षाशास्त्र डिप्लोमा या निर्धारित अंकों के साथ बीएड मान्य है। इसके अलावा 45 प्रतिशत अंकों के साथ बीएड, 50 प्रतिशत अंकों के साथ चार वर्षीय बीएलएड, बीएएड, बीएससीएड अथवा बीएड विशेष शिक्षा की योग्यता भी स्वीकार की जाएगी।
जानकारी के अनुसार सामान्य शिक्षक पदों के लिए छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा के द्वितीय प्रश्नपत्र में उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। साथ ही स्नातक में संबंधित विषय होना चाहिए। हिन्दी पद के लिए हिन्दी साहित्य, संस्कृत के लिए संस्कृत साहित्य या बीए क्लासिक और अंग्रेजी के लिए अंग्रेजी साहित्य विषय जरूरी है। गणित के अभ्यर्थी के पास गणित के साथ भौतिकी, रसायन, इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर विज्ञान, सांख्यिकी, सैन्य विज्ञान या भू-गर्भ विज्ञान में से कोई दो विषय होने चाहिए। सामाजिक विज्ञान के लिए इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र या राजनीति विज्ञान में से कोई एक विषय होना जरूरी है। कृषि शिक्षक पद के लिए कृषि में स्नातक होना अनिवार्य है। इन शिक्षकों की नियुक्ति उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में की जाएगी। इसलिए बीएड की योग्यता जरूरी होगी, लेकिन कृषि शिक्षक पद के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य नहीं है।
10 अगस्त / मंथन मित्तल





