* ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड स्थित डेंगूनाला पुल के पास आज मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवतियों की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई, जबकि उनके साथ सवार एक युवक गंभीर घायल बताया जा रहा हैं। घायल को डायल-112 की सहायता से तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
दी गयी प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कोयला से लदा ट्रैलर और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार जानलेवा टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवतियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि युवक गंभीर घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्यवाही शुरू की। समाचार लिखे जाने तक मृतक युवतियों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी थी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है तथा ट्रैलर को जब्त कर वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए। दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित रहा। मौके पर पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।
14 जुलाई / मंथन मित्तल



