कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के आखिरी छोर पर बसे पाली ब्लॉक के सिल्ली-परसदा क्षेत्र के 5 ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने बिजली की विभिन्न समस्याओं, अनियन्त्रित बिजली कटौती व लो वोल्टेज को लेकर हल्ला बोलते हुए बिजली कार्यालय का घेराव कर धरना दिया। विद्युत अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों का आंदोलन समाप्त हुआ, लेकिन साथ ही चेतावनी भी दी कि 10 दिन के अंदर समस्याओं का सार्थक और उचित निराकरण नहीं हुआ तो वह पुन: चक्का जाम या अन्य उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत सिल्ली, परसदा, शिवपुर, निरधी व पोलमी के गांवों के हजारों उपभोक्ता लगातार अघोषित बिजली कटौती, लो वोल्टेज, मनमाने बिजली बिल, खराब ट्रान्फार्मर की समस्या से अत्यधिक परेशान है। इस संबंध में स्थानीय अधिकारियों को कई बार लिखित व मौखिक शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने से उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश और असंतोष व्याप्त हो गया है। अपनी मांग को प्रशासन तक पहुंचाने के लिए ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पाली पहुँचकर बिजली आफिस का घेराव करते हुए धरना दिया और जमकर नारेबाजी की। लगभग 2 घंटे के धरने के बाद विभागीय अधिकारियों व थाना प्रभारी के साथ वार्ता हुई। सभी बिंदुओं पर चर्चा के बाद ग्रामीणों ने उनकी मांगों पर सार्थक कार्रवाई के आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित कर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि 10 दिन के भीतर यदि उनकी समस्याओं का उचित निराकरण नहीं हुआ तो वह पुन: चक्का जाम और कोरबा कूच की तैयारी करेंगे।
10 जून / मंथन मित्तल



