कोरबा (मंथन) सावन मास के पावन अवसर पर समस्त कावड़ यात्रा समिति, कोहड़िया के तत्वावधान में 10 अगस्त सोमवार को बाबा कनकेश्वर धाम के लिए भव्य कावड़ यात्रा निकाली जाएगी। वार्ड क्रमांक 18 कोहड़िया के पार्षद एवं दुर्ग संभाग प्रभारी, नगरीय निकाय प्रकोष्ठ (छत्तीसगढ़) नरेंद्र देवांगन के नेतृत्व में आयोजित इस कावड़ यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल होंगे।
कावड़ यात्रा का शुभारंभ सुबह 6 बजे माँ सर्वमंगला मंदिर, कोरबा से होगा। यात्रा में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, कोरबा नगर निगम की महापौर संजू देवी सिंह राजपूत, भारतीय जनता पार्टी कोरबा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
माँ सर्वमंगला मंदिर से शिवभक्त सामूहिक रूप से कावड़ लेकर बाबा कनकेश्वर धाम के लिए प्रस्थान करेंगे। यात्रा के दौरान ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय रहेगा। श्रद्धालु आस्था और उत्साह के साथ भगवान भोलेनाथ का स्मरण करते हुए यात्रा में सहभागी बनेंगे।
इस अवसर पर नरेंद्र देवांगन ने क्षेत्र के सभी शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में कावड़ यात्रा में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि कावड़ यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता, सेवा भावना और सनातन संस्कृति के प्रति श्रद्धा एवं समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अनुशासन एवं शांतिपूर्ण वातावरण में यात्रा में शामिल होने का आग्रह किया।
आयोजन समिति के अनुसार कावड़ यात्रा को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सेवा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
समिति ने कोरबा सहित आसपास के क्षेत्रों के समस्त शिवभक्तों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे 10 अगस्त को सुबह 6 बजे माँ सर्वमंगला मंदिर पहुंचकर भव्य कावड़ यात्रा में सहभागी बनें और बाबा कनकेश्वर धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें।
10 अगस्त / मंथन मित्तल





