* हादसे के बाद दूर तक घसीटी स्कूटी
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के रजगामार क्षेत्र के डुमरडीह जंगल के पास मुख्य मार्ग पर एक कार ने स्कूटी सवार परिवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में 6 वर्षीय बेटे और उसके पिता की मृत्यु हो गई, जबकि मां गंभीर घायल है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम मौहार निवासी चैतराम राठिया अपनी पत्नी सुमित्रा राठिया और 6 वर्षीय बेटे दिशांत राठिया के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। दोपहर करीब 3 बजे डुमरडीह जंगल के पास पीछे से आ रही एक कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी दूर तक घिसटती चली गई। हादसे में मासूम दिशांत की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। चैतराम और सुमित्रा गंभीर घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान पिता चैतराम राठिया ने भी दम तोड़ दिया। सुमित्रा राठिया की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है।
जानकारी के अनुसार कार सवार लोग मादक द्रव्य पदार्थ के नशे में थे और वाहन चला रहे थे। टक्कर के बाद कार सवार कुछ देर मौके पर रुके और फिर फरार हो गए। सूचना मिलने पर रजगामार पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गांव में इस घटना के बाद शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि इस मार्ग पर अक्सर वाहन चालक नशे में वाहन चलाते हैं।
02 अगस्त / मंथन मित्तल



