कोरबा (मंथन) जानकारी के अनुसार कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तिलाईडांड में एक युवक का शव नाले में संदिग्ध हालत में मिला। मृतक की पहचान ग्रामीण 25 वर्षीय सुरेश कुमार कुजूर के रूप में की गयी हैं। पुलिस और डीडीआरएफ टीम ने शव को पानी से बाहर निकाला। मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
परिजनों ने बताया की सुरेश नहाने के लिए नाले की ओर गया था। काफी देर तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान परिजनों ने नाले में सुरेश का शव तैरता हुआ देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही की। इसके बाद डीडीआरएफ की टीम ने शव को नाले से बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में डूबने से मौत होने की आशंका है। हालांकि मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद स्थिति साफ होगी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। वहीं, परिजनों ने किसी तरह की गड़बड़ी की आशंका से इंकार किया है।
27 सितंबर / मंथन मित्तल





