कोरबा (मंथन) जानकारी के अनुसार शासकीय जमीन पर बिना अनुमति फ्लाई ऐश डंपिंग करने का गंभीर आरोप एनटीपीसी लिमिटेड पर लगा हैं। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल, क्षेत्रीय कार्यालय कोरबा ने अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग के आरोप में मेसर्स एनटीपीसी लिमिटेड, जमनीपाली, कोरबा पर 90 लाख रुपए की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की है।
* ग्राम छुरीखुर्द में शासकीय जमीन पर पकड़े गए वाहन-पर्यावरण मंडल ने लगाई फटकार
क्षेत्रीय अधिकारी प्रसन्ना सोनकर द्वारा जारी अधिकृत जानकारी के अनुसार 31 अगस्त की रात ग्राम छुरीखुर्द में शासकीय भूमि पर अवैध रूप से फ्लाई ऐश डंपिंग करते हुए वाहनों को पकड़ा गया। जांच में सामने आया कि उक्त वाहन एनटीपीसी लिमिटेड, जमनीपाली के धनरास राखड़ बांध से राखड़ लोड कर संबंधित स्थल पर डंपिंग कर रहे थे।
उक्त मामले की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी ने एनटीपीसी को आड़े हाथों लेते हुए अधिकारियों को मौके की स्थिति से अवगत कराया और फटकार लगाई। जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित स्थल पर राजस्व विभाग एवं पर्यावरण मंडल की अनुमति के बिना करीब एक माह से एनटीपीसी के राखड़ बांध से फ्लाई ऐश की डंपिंग की जा रही थी।
अधिकृत जानकारी के अनुसार मौके पर डंप की गई राखड़ की मात्रा के आधार पर संयंत्र के विरुद्ध 90 लाख रुपए की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति निर्धारित की गई है। पर्यावरण मंडल ने स्पष्ट किया है कि अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग करने वाले वाहनों पर कार्यवाही जारी रहेगी। साथ ही भविष्य में इस तरह की गतिविधि पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
01 सितंबर / मंथन मित्तल





