* आवागमन में हो रही भारी परेशानी
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले में गत दिवस हुई लगातार बारिश से नदी-नाले ऊफान पर हैं। इससे डंपिंग का मलबा सड़क पर बहकर आ जाने से मार्ग कीचड़मय हो गया है। आवागमन में लोगों को परेशानी हो रही है। लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त है। निचली बस्तियों में पानी भरने की समस्या है, वहीं सड़कों पर भी जलभराव और बहकर आए मलबे से लोगों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है।
जानकारी के अनुसार इसी कड़ी में सर्वमंगला-कनबेरी मार्ग पर जोड़ा पुल के पास ग्राम जटराज बसावट के लिए काटी जा रही डंपिंग का मलबा भारी बारिश से सड़क पर बहकर आ गया। जिससे हल्के वाहनों को आवाजाही करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि मलबे को रोकने पत्थरों का बेरीकेट लगाया गया है, बावजूद इसके मलबा बहकर सड़क पर आ गया है। मुख्य मार्ग के अलावा जोड़ा पुल से होकर चन्द्रनगर सोनपुरी जाने वाले मार्ग में भी कीचड़युक्त मलबा भरा हुआ है जिससे लोगों को घूमकर अन्य मार्ग से आना-जाना पड़ रहा है।
09 जुलाई / मंथन मित्तल



