कोरबा (मंथन) कोरबा मुस्लिम एजुकेशनल सोसायटी ने डॉ. अमीन रिज़वी के हस्ताक्षर से नगर पालिका निगम कोरबा के आयुक्त को एक शिकायत पत्र सौंपकर वार्ड क्रमांक 06 की दो प्रमुख समस्याओं के समाधान की मांग करी है।
शिकायत पत्र में बताया गया है कि वार्ड क्रमांक 06 स्थित रिज़वी आयुर्वेदिक दवाखाना के सामने लगे टेलीफोन के तीन खंभे काफी पुराने और जर्जर हो चुके हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार इन खंभों की अब कोई उपयोगिता नहीं रह गई है, जबकि सड़क के बीचों-बीच स्थित होने के कारण ये आम नागरिकों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। समाजसेवी विशाल साहू ने कहा कि सड़क पर मौजूद इन खंभों से आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए इन खंभों को जल्द हटाने मांग की है।
इसके अलावा शिकायत में क्षेत्र में स्थापित एक सबमर्सिबल पंप की खराब स्थिति का भी उल्लेख किया गया है। बताया गया है कि पंप लगभग टूट-फूट की स्थिति में पहुंच चुका है और लंबे समय से अनुपयोगी बना हुआ है। यदि इसकी मरम्मत कर पुनः चालू किया जाए तो वार्डवासियों को पेयजल की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है। सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. अमीन रिज़वी ने निगम प्रशासन से अनुरोध किया है कि जनहित में जल्द आवश्यक कार्रवाई करते हुए जर्जर टेलीफोन खंभों को हटाया जाए तथा सबमर्सिबल पंप की मरम्मत कर उसे चालू कराया जाए, ताकि क्षेत्र के निवासियों को सुविधा मिल सके।
02 जून / मंथन मित्तल



