* परिजनों ने एक 17 साल के लड़के से परेशान होने का लगाया आरोप
* छेड़छाड़ और लगातार पीछा करने का भी लगाया संगीन आरोप
कोरबा (मंथन) कोरबा जिलान्तर्गत ग्राम पाली में एक 21 वर्षीय कॉलेज छात्रा ने जहरीले खाद्य पदार्थ का सेवन कर लिया तद्पश्चात उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। परिजनों ने 17 वर्षीय एक किशोर पर छेड़छाड़ और मानसिक प्रताड़ना के संगीन आरोप लगाए हैं।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि किशोर छात्रा की मां और भाइयों के नाम सुसाइड नोट लिखकर खुदकुशी करने की धमकी भी देता था। परिजनों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन कथित तौर पर उसकी हरकतों में सुधार नहीं आया।
बताया जा रहा है कि लगातार तनाव में रहने के बाद छात्रा ने 3 सितंबर को जहरीले खाद्य पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ समय बाद उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में छात्रा का करीब तीन दिनों तक उपचार चला, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने के बाद मृत्यु हो गई।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, मेडिकल कॉलेज अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर जिला अस्पताल चौकी में मृतका के परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
09 सितंबर / मंथन मित्तल





