कोरबा (मंथन) कोरबा जिले में स्थापित मिनीमाता बहुउदेशीय बांगो जलाशय में इस वर्ष लगातार हो रही बारिश से जलस्तर और जलभराव में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 31 जुलाई 2026 की स्थिति के अनुसार जलाशय का जलस्तर 356.80 मीटर पहुंच गया है, जबकि उपयोगी जल भंडारण क्षमता 2412.17 मिलियन घन मीटर दर्ज की गई है। यह जलाशय की कुल उपयोगी क्षमता का 83.34 प्रतिशत है।
जारी अधिकृत आंकड़ों के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को 19.60 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि इस मानसून में अब तक 629.80 मिमी संचयी वर्षा हो चुकी है। डाउन स्ट्रीम जलस्तर 292.35 मीटर दर्ज किया गया। पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष जलाशय की स्थिति बेहतर है। 31 जुलाई 2025 को जलस्तर 355.10 मीटर तथा उपयोगी जल भंडारण 2147.29 मिलियन घन मीटर था। वहीं 2024 में जलस्तर 349.70 मीटर और भंडारण 1413.58 मिलियन घन मीटर तथा 2023 में जलस्तर 354.30 मीटर एवं भंडारण 2028.71 मिलियन घन मीटर दर्ज किया गया था।
जल संसाधन विभाग के आंकड़े बताते हैं कि इस वर्ष पर्याप्त वर्षा के कारण बांगो जलाशय में जल उपलब्धता बेहतर बनी हुई है, जिससे सिंचाई, पेयजल आपूर्ति और विद्युत उत्पादन के लिए आने वाले समय में पर्याप्त पानी उपलब्ध रहने की उम्मीद है।
31 जुलाई / मंथन मित्तल



