* रजगामार पुलिस चौकी के एक सिपाही पर हुई कार्यवाही
कोरबा (मंथन) जानकारी के अनुसार कोरबा जिले में बांस-बल्ली ले जा रहे ट्रैक्टर चालक से 5 हजार रुपए की अवैध वसूली के आरोप में कार्यवाही की गई है। इसी कड़ी में रजगामार चौकी में तैनात एक सिपाही को निलंबित कर दिया गया है, जबकि एक नगर सैनिक को चौकी से हटा दिया गया है।
घटना लगभग 5 दिन पहले रजगामार चौकी क्षेत्र की बताई जा रही है। गोढ़ी निवासी एक युवक ट्रैक्टर में बांस-बल्ली लेकर जा रहे था। बताया जा रहा हैं की इसी दौरान बिना वर्दी के दो लोगों ने उन्हें रोका और खुद को पुलिसकर्मी बताया।
आरोप है कि दोनों ने उस युवक को बिना अनुमति बांस का परिवहन करने पर जेल भेजने की धमकी दी। मामले को रफा-दफा करने के नाम पर उनसे 5 हजार रुपए की मांग की गई। शिकायत के मुताबिक, यह रकम ऑनलाइन ट्रांसफर कराई गई।
पीड़ित ने एसपी कार्यालय में लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद कोरबा जिला पुलिस अधीक्ष सिद्धार्थ तिवारी ने जांच के आदेश दिए। जांच के दौरान सिपाही और नगर सैनिक की संलिप्तता सामने आने की बात कही गई है।
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने जानकारी देते हुए बताया की जांच के आधार पर सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। वहीं नगर सैनिक पर आगे की कार्यवाही के लिए नगर सेना के कमांडेंट को पत्र भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शिकायत और जांच के आधार पर नियमानुसार कार्यवाही की गई है।
27 सितंबर / मंथन मित्तल





