कोरबा (मंथन) कोरबा जिलान्तर्गत कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम लोथलोथा में बंद पड़े राखड़ बांध को दोबारा शुरू करने की तैयारी के बीच हसदेव ताप विद्युत उत्पादन कंपनी (एचटीपीपी) के अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजेश पांडेय पर ग्रामीणों ने धमकी देने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का दावा है कि विरोध के दौरान अधिकारी ने कथित तौर पर कहा की “काम में बाधा उत्पन्न करोगे तो मारेंगे, काम आज ही शुरू करेंगे।” इस कथित बयान का वीडियो भी सामने आने का दावा किया जा रहा हैं।
ग्रामीणों का आरोप लगाते हुए कहना है कि राखड़ बांध को पहले ही क्षमता पूर्ण होने के कारण बंद किया गया था। इसे दोबारा शुरू करने से पर्यावरण प्रदूषण, उड़ती राख और लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है, इसलिए वे शांतिपूर्ण विरोध कर रहे थे।
इस मामले में एचटीपीपी के मुख्य अभियंता हेमंत कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों के साथ बैठक कर चर्चा की जाएगी। हालांकि, उन्होंने अतिरिक्त मुख्य अभियंता पर लगाए गए धमकी के आरोपों की जानकारी होने से इंकार किया। वहीं, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका।
17 जुलाई / मंथन मित्तल



