* मचाया आतंक
कोरबा (मंथन) जानकारी के अनुसार कोरबा कोतवाली में एक युवक मादक द्रव्य पदार्थ के नशे में धुत होकर सीधे थाना परिसर में घुस गया और जमकर उत्पात मचाया।
आरोप हैं की उसने नशे में उसने पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी, शासकीय कार्य में बाधा डाली, थाने के महत्वपूर्ण दस्तावेजों से छेड़छाड़ की और तोड़फोड़ करते हुए रोजनामचा तक फाड़ने की कोशिश कर डाली। काफी देर तक पूरा थाना स्टाफ उसके आक्रामक व्यवहार से जूझता रहा। आखिरकार उसे काबू कर गिरफ्तार किया गया।
दर्ज एफआईआर के अनुसार 29 जून को दोपहर लगभग 3 बजे थाना कोतवाली में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक कुंवर साय ड्यूटी पर उपस्थित थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति अत्यधिक मादक पदार्थ का सेवन कर नशे में थाना पहुंचा और बिना किसी कारण के हंगामा शुरू कर दिया। कथित आरोपी ने ड्यूटी पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को मां-बहन की अश्लील गालियां दीं तथा जान से मारने की धमकी देते हुए शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई।
* महिला स्टाफ होता रहा शर्मशार
आरोप हैं की कथित आरोपी ने थाना के दस्तावेज उठाकर इधर-उधर फेंक दिए। ड्यूटी पर मौजूद महिला आरक्षक के साथ भी अभद्रता करते हुए अश्लील गाली-गलौज की। इतना ही नहीं, थाना के महत्वपूर्ण अभिलेख रोजनामचा को फाड़कर फेंकने का प्रयास किया तथा टेबल में लगे कांच को तोड़कर नुकसान पहुंचाया।
* सिर और चेहरा दीवार पर पटकने लगा
एफआईआर के अनुसार कथित आरोपी का उत्पात यहीं नहीं रुका। वह स्वयं अपना सिर और चेहरा दीवार पर पटकने लगा। मददगार आरक्षक परमेश्वर सिंह, आरक्षक प्रदीप टेकाम और रविंद्र भारद्वाज ने उसे शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन उसने उनके साथ भी गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी।
घटना की सूचना थाना प्रभारी एमबी पटेल को दी गई, जो तत्काल मौके पर पहुंचे। उनके समझाने के बावजूद कथित आरोपी का व्यवहार नहीं बदला। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
* एफआईआर दर्ज, जेल भेजा गया
सहायक उपनिरीक्षक कुंवर साय की रिपोर्ट पर कथित आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 132, 221, 296, 324(4), 351(3) एवं 355 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
30 जून / मंथन मित्तल



