* राहगीरों को मारी टक्कर, युवतियों पर किए अभद्र टिप्पणी
कोरबा (मंथन) जानकारी के अनुसार कोरबा अंचल में मादक द्रव्य पदार्थ के नशे में धुत्त एक युवक ने एक्टिवा से सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। युवक कुआंभट्टा स्थित मादक द्रव्य पदार्थ बिक्री केंद्र से लेकर मानिकपुर चौकी क्षेत्र होते हुए सोनालिया फाटक तक अनियंत्रित तरीके से वाहन चलाता रहा। इस दौरान उसने कई वाहन चालकों को टक्कर मारी और युवतियों पर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणियां भी कीं।
युवक की इन हरकतों से सड़क पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। बताया जा रहा हैं की युवक नशे में इतना धुत्त था कि वह एक्टिवा को ठीक से नियंत्रित नहीं कर पा रहा था। वह कई बार सड़क पर गिरते-गिरते बचा। इस दौरान उसकी एक्टिवा कई वाहन चालकों से टकराई।
राहगीर युवक से बचने के लिए सड़क के किनारे होते नजर आए। बताया जा रहा है कि युवक रास्ते भर लोगों से बहस और कथित तौर पर अभद्रता करता रहा। उसकी हरकतों के चलते राहगीरों और अन्य वाहन चालकों में दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक, सोनालिया चौक के पास युवक की एक्टिवा एक कार से टकरा गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन युवक एक्टिवा लेकर वहां से भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया। कुछ दूर जाने के बाद युवक बंद रेलवे फाटक पर फंस गया, जिसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर नशे में टी.पी. नगर चौक से सोनालिया चौक की ओर वाहन चलाते हुए उत्पात मचा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने विधि सम्मत कार्यवाही करते हुए युवक को पकड़ लिया। पुलिस ने उसकी एक्टिवा जब्त कर ली है। उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्यवाही की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर नशे की हालत में वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान चलाकर कार्यवाही की जाएगी।
06 अगस्त / मंथन मित्तल



