कोरबा (मंथन) कोरबा-पश्चिम एसईसीएल ढेलवाडीह के आवासीय परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जर्जर आवास की छत का एक बड़ा हिस्सा अचानक टूटकर नीचे जा गिरा। अचानक छत का मलबा गिरने से परिवार के लोग बाल-बाल बच गए। घटना में एक व्यक्ति को मामूली चोट आने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा हैं की एसईसीएल ढेलवाडीह आवासीय परिसर स्थित ए-42/412 के मकान की छत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। जिस समय छत का हिस्सा टूटा, उस दौरान परिवार के सदस्य घर के अंदर ही थे। मलबा गिरने से परिवार के लोगों में दहशत फैल गई, घटित घटना से घबराए परिवार के सदस्य तत्काल घर से बाहर निकल आए। परिवार द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार “छत का हिस्सा अचानक गिरने से उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला। घटना के समय नीचे बैठे परिवार के लोगों में से एक व्यक्ति को मामूली चोट लगी हैं।”
गनीमत रही कि छत का पूरा हिस्सा एक साथ नहीं गिरा, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था।
01 सितंबर / मंथन मित्तल





