
* सड़क निर्माण में बाधा डालने पर दी सख्त कार्यवाही की चेतावनी
कोरबा (मंथन) कोरबा अंचल अंतर्गत सुनालिया पुल से मस्जिद तक पावर हाउस रोड पर चल रहे डामरीकरण कार्य के दौरान सड़क पर पानी डालने और दुकानों के सामने पानी बहाने वालों के खिलाफ नगर निगम ने अर्थदंड की कार्यवाही की हैं। निगम ने तीन दुकानदारों पर 2-2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं करने की चेतावनी दी है।
नगर निगम के कोरबा जोन अंतर्गत पावरहाउस रोड का डामरीकरण कराया जा रहा है। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम और सुरक्षित होने की उम्मीद है। लेकिन निर्माण कार्य के दौरान कुछ दुकानदारों द्वारा सड़क पर पानी डालने, वाहनों की धुलाई करने और दुकानों के सामने पानी बहाने की शिकायत सामने आई। इससे सड़क की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए निगम ने 25 अक्टूबर को कार्रवाई की।
सड़क पर पानी डालने के मामले में नवीन इलेक्ट्रिकल, अग्रवाल स्टोर और मोती ब्रदर्स पर 2-2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। संबंधित दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा गया कि सड़क पर पानी डालने से यदि निर्माण कार्य या सड़क की गुणवत्ता प्रभावित होती है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित लोगों की होगी। दोबारा ऐसी गतिविधि पाए जाने पर नियमानुसार आगे भी कार्यवाही की जाएगी।
* सड़क की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका
बिटुमिनस सड़क के निर्माण में निर्धारित तकनीकी प्रक्रिया और मानकों का पालन जरूरी होता है। ऐसे में निर्माणाधीन सड़क पर अनावश्यक पानी डालने, वाहनों की धुलाई करने और दुकानों के सामने पानी बहाने से काम प्रभावित हो सकता है। इससे सड़क समय से पहले खराब होने की आशंका भी रहती है।
* नगर निगम ने की सहयोग की अपील
सुनालिया पुल से मस्जिद होते हुए रेलवे क्रॉसिंग तक पावरहाउस रोड का निर्माण नागरिकों और व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखकर कराया जा रहा है। नगर निगम ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि निर्माण कार्य पूरा होने तक सड़क पर पानी न डालें और न ही वहां वाहनों की धुलाई करें। निगम का कहना है कि सड़क को गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ बनाने के लिए निर्माण एजेंसी के साथ नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है।
30 अक्टूबर / मंथन मित्तल





