* 5 नवंबर का प्रस्तावित घेराव स्थगित
कोरबा (मंथन) प्रशांति वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों को लंबे समय से परेशान कर रही बिजली संकट की समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है। स्नेह सदन वृद्धाश्रम का विद्युत कनेक्शन प्रशांति वृद्धाश्रम से अलग करने की प्रक्रिया समाज कल्याण विभाग ने शुरू कर दी है। समाज कल्याण विभाग के उप संचालक ने 1 नवंबर को पत्र जारी कर इसकी जानकारी दी है। विभाग की ओर से बताया गया है कि पृथक विद्युत कनेक्शन का कार्य विद्युत वितरण विभाग द्वारा किया जाएगा। इस पहल के बाद नवदृष्टि समाजसेवी संस्था ने 5 नवंबर को प्रस्तावित विभागीय कार्यालय के घेराव और प्रदर्शन को स्थगित कर दिया है। हालांकि, संस्था ने प्रशांति वृद्धाश्रम तक एसईसीएल कुसमुंडा खदान से पहुंची पुरानी और क्षतिग्रस्त बिजली केबल को बदलने की मांग दोहराई है।
उल्लेखनीय हैं की प्रशांति वृद्धाश्रम की बिजली आपूर्ति केबल से स्नेह सदन वृद्धाश्रम को भी कनेक्शन दिया गया था। उस समय 15 दिनों के भीतर स्नेह सदन का अलग विद्युत कनेक्शन लेने की बात कही गई थी, लेकिन करीब दो साल बीत जाने के बाद भी यह व्यवस्था लागू नहीं हो सकी। नवदृष्टि समाजसेवी संस्था का आरोप है कि अतिरिक्त विद्युत लोड के कारण प्रशांति वृद्धाश्रम में बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। लो-वोल्टेज की समस्या के साथ मुख्य केबल में बार-बार फॉल्ट आने की शिकायत भी सामने आती रही है। बिजली की अनियमित आपूर्ति और कम वोल्टेज का सीधा असर वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है।
संस्था के मुताबिक, कम वोल्टेज के कारण पानी की मोटर ठीक से काम नहीं करती, जिससे जलापूर्ति प्रभावित होती है। इसके अलावा पंखे, कूलर, टीवी, वॉशिंग मशीन और गीजर जैसे आवश्यक उपकरणों के संचालन में भी परेशानी होती है। कम वोल्टेज और बार-बार बिजली बाधित होने से उपकरणों के खराब होने की शिकायत भी सामने आई है। सबसे गंभीर चिंता मुख्य केबल में बार-बार फॉल्ट और संभावित शॉर्ट सर्किट से होने वाली दुर्घटना को लेकर है। वृद्धाश्रम में वरिष्ठ नागरिक निवासरत हैं। ऐसे में बिजली व्यवस्था की अनदेखी उनके जीवन और सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम पैदा कर सकती है।
संस्था ने बिजली आपूर्ति बाधित होने, उपकरण खराब होने अथवा शॉर्ट सर्किट से किसी तरह की जान-माल की हानि होने पर संबंधित विभागीय जिम्मेदारी तय करने की मांग भी उठाई थी। समाज कल्याण विभाग के उप संचालक द्वारा 1 नवंबर को जारी पत्र में स्नेह सदन वृद्धाश्रम का पृथक विद्युत कनेक्शन किए जाने की कार्यवाही प्रारंभ होने की जानकारी दी गई। इसके बाद नवदृष्टि समाजसेवी संस्था ने 3 नवंबर को उप संचालक को पत्र भेजकर 5 नवंबर को प्रस्तावित घेराव और प्रदर्शन स्थगित करने की सूचना दी है।
संस्था ने स्पष्ट किया है कि केवल स्नेह सदन का कनेक्शन अलग करना ही पर्याप्त नहीं होगा। नवम्बर माह में बिजली कनेक्शन पृथक करने तथा प्रशांति वृद्धाश्रम तक एसईसीएल कुसमुंडा खदान से आई पुरानी एवं बढ़े हुए लोड के कारण क्षतिग्रस्त हो चुकी मुख्य केबल को भी बदला जाना आवश्यक है। संस्था ने इस मांग पर भी शीघ्र कार्यवाही करने का आग्रह किया है। फिलहाल पृथक विद्युत कनेक्शन की प्रक्रिया शुरू होने से बुजुर्गों को बिजली संकट से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
04 नवंबर / मंथन मित्तल





