* पीएम आवास के काम के दौरान हादसा
* सिर-छाती और कंधे में आई थी गंभीर चोटें
* साढ़े छह फीट ऊंची दीवार पर काम कर रहा था मजदूर
कोरबा (मंथन) कोरबा अंचल कोतवाली थाना क्षेत्र के सीतामढ़ी कुम्हार मोहल्ले में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पुराने मकान को ढहाते समय एक दिहाड़ी मजदूर की दीवार से गिरकर मृत्यु हो गई। हादसे में मजदूर के सिर, छाती और कंधे में गंभीर चोटें आई थीं।
उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद काम के दौरान मजदूरों को सुरक्षा संसाधन उपलब्ध नहीं कराने का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, कुम्हार मोहल्ला निवासी के नाम पर प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत आवास स्वीकृत हुआ है। इसके लिए पुराने मकान को तोड़कर नया मकान बनाया जाना था। एक दिहाड़ी मजदूर उषा कॉम्प्लेक्स रेलवे फाटक पहुंचा और वहां से दिहाड़ी मजदूरी करने वाले चार मजदूरों को काम के लिए कुम्हार मोहल्ला ले गया। इनमें उरगा थाना क्षेत्र के मड़वारानी जर्वे निवासी भी शामिल था।
दोपहर करीब 12 बजे मड़वारानी जर्वे निवासी मजदूर साढ़े छह फीट ऊंची दीवार पर चढ़कर काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे जमीन पर गिर पड़ा। गिरने से उसके सिर, छाती और कंधे में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने मकान मालिक को इसकी जानकारी दी। मकान मालिक की मदद से घायल को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद शव को मर्च्युरी में रखवाया गया। अस्पताल पुलिस ने मेमो के आधार पर वैधानिक कार्यवाही पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।
30 अक्टूबर / मंथन मित्तल





