
* बिक चुकी एक्टिवा का नंबर प्लेट बाइक पर लगाकर घूमते पकड़ा गया व्यक्ति
कोरबा (मंथन) जानकारी के अनुसार कोरबा जिले में एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर पर दो अलग-अलग गाड़ियां चलाने का मामला सामने आया है। बिक चुकी एक एक्टिवा वाहन का नंबर प्लेट हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर लगाकर घूम रहे युवक को शिकायतकर्ता ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में मानिकपुर पुलिस ने मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक 27 अक्टूबर को शिकायतकर्ता ग्राम दादर की ओर से रविशंकर नगर कॉलोनी की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर पड़ी, जिस पर सीजी 12 बीपी 4887 नंबर की प्लेट लगी हुई थी। यह नंबर उनके भाई द्वारा खरीदी गई सेकंड हैंड एक्टिवा का था। एक ही नंबर की प्लेट दूसरी गाड़ी पर देखकर उसको संदेह हुआ। उन्होंने बाइक सवार का पीछा किया और रास्ते में उसे रोक लिया।
बताया जा रहा हैं की बाइक चला रहे युवक से पूछताछ करने पर वह कथित तौर पर नशे की हालत में था और ठीक से जवाब नहीं दे पा रहा था। इसके बाद शिकायतकर्ता उसे लेकर मानिकपुर पुलिस चौकी पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके भाई ने उसी से एक्टिवा खरीदी थी, जिसका पंजीयन नंबर सीजी 12 बीपी 4887 है।
एक ही नंबर की प्लेट दो अलग-अलग वाहनों पर इस्तेमाल किए जाने से किसी हादसे या आपराधिक वारदात की स्थिति में वाहन के वास्तविक मालिक को परेशानी हो सकती थी। इसी आशंका को देखते हुए शिकायतकर्ता ने पुलिस से संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका भाई अभी रायपुर में हैं जिनके पास यह एक्टिवा है और उसके नंबर लगी बाइक कोरबा में चल रही है।
मानिकपुर पुलिस चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर के मुताबिक, पुलिस ने मोटरसाइकिल जब्त कर कथित संदेही के खिलाफ कार्यवाही की है। मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर नशे में वाहन चलाने के मामले में मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 तथा फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाने के मामले में धारा 50 और 177 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। इसके अलावा धारा 170 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई है। कथित आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही की गई।
30 अक्टूबर / मंथन मित्तल





