* सरायपाली व मानिकपुर ओपनकास्ट माइंस में खनन गतिविधियों की करी समीक्षा
* प्रेषण व्यवस्था पर दिया जोर
कोरबा (मंथन) एसईसीएल के डायरेक्टर (टेक्निकल)-प्रोजेक्ट एंड प्लानिंग नृपेन्द्र नाथ ने कोरबा क्षेत्र का दौरा कर सरायपाली ओपनकास्ट माइंस एवं मानिकपुर ओपनकास्ट माइंस की संचालन गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खनन कार्य, कोयला उत्पादन, उत्पादकता बढ़ाने के उपाय, ओवरबर्डन हटाने तथा कोयला प्रेषण की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
श्री नाथ ने क्षेत्रीय अधिकारियों से खनन गतिविधियों की जानकारी लेते हुए सुरक्षित, दक्ष और टिकाऊ खनन संचालन के लिए समन्वित प्रयास करने पर जोर दिया। उन्होंने उत्पादन एवं उत्पादकता में सुधार के साथ-साथ सुरक्षा मानकों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने मानिकपुर साइलो का निरीक्षण कर कोयला प्रेषण प्रणाली और कोयले की सुचारू निकासी के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रेषण प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए विभागों के बीच प्रभावी समन्वय और परिचालन स्तर पर पूरी तैयारी रखने पर जोर दिया। दौरे के दौरान कोरबा क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी श्री नाथ के साथ उपस्थित रहे।
29 सितंबर / मंथन मित्तल





