कोरबा (मंथन) कोरबा जिले में पसान थाना क्षेत्र के ग्राम लोकड़हा में तीन दिन पहले हुई 23 वर्षीय सुखमनिया एक्का की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में ग्राम के उरांवपारा निवासी को गिरफ्तार किया है। महिला की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या की गई थी। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 254/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्यवाही की गयी है।
* नाले के पास मिला था महिला का शव
सुखमनिया एक्का का शव गांव से करीब 300 मीटर दूर नाले के पास मिला था। सूचना मिलने पर पसान पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। हत्या की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
* घटनास्थल से कथित आरोपी के घर पहुंचा खोजी श्वान
जांच के दौरान डॉग स्क्वॉड का खोजी श्वान घटनास्थल से ग्राम की ओर गया और सीधे एक ग्रामीण के घर के अंदर जाकर रुक गया। इसके बाद पुलिस का संदेह उसपर गहराया और उसकी तलाश शुरू की गई।
बताया जा रहा हैं कि पुलिस जब आरोपी की तलाश कर रही थी, उस दौरान वह बकरी चराने गया था और वापस नहीं लौटा। पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए रही। बाद में उसके ग्राम लौटने पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया और पूछताछ की।
* पत्नी और बहू के साथ मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन करने को लेकर था विवाद
पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने बताया कि मृतका का उसकी पत्नी के साथ बैठकर मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन करना उसे पसंद नहीं था। उसने कई बार अपनी पत्नी के साथ मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन करने से मना किया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक उसने इसी नाराजगी के चलते महिला की हत्या करना स्वीकार किया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
28 सितंबर / मंथन मित्तल





