कोरबा (मंथन) ग्राम खेरभावना के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विपरीत दिशा से आ रही एक अज्ञात कार ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी और चालक वाहन समेत घटना स्थल से फरार हो गया।
मृतक की पहचान सुरेंद्र सिंह कंवर निवासी ग्राम कनबेरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुरेंद्र सिंह कंवर कोरबा से अपने काम से वापस साइकिल से अपने गृह ग्राम कनबेरी लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम खेरभावना के पास अज्ञात कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और जिम्मेदार वाहन चालक की तत्काल पहचान कर कार्रवाई की मांग की।
स्थानीय लोगों का आरोप लगाते हुए कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिसके चलते क्षेत्रवासियों में भय का माहौल है। तेज रफ्तार वाहनों और यातायात व्यवस्था को लेकर ग्रामीण लंबे समय से चिंतित हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार अज्ञात कार और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। वहीं, चक्काजाम के चलते मार्ग पर कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा।
08 सितंबर / मंथन मित्तल





