कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के गोढ़ी देहांतपारा में करैत सर्प के डसने से 12 वर्षीय छात्र रामकृष्ण मंझवार की मृत्यु हो गई। वह कक्षा 6वीं में पढ़ता था। परिजनों के मुताबिक, सर्प के डसने के बाद उन्होंने 108 एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन समय पर वाहन नहीं पहुंचने पर पिता बेटे को बाइक से अस्पताल ले जाने के लिए निकल पड़े।
रास्ते में एंबुलेंस मिलने के बाद रामकृष्ण को जिला मेडिकल कॉलेज कोरबा ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
* सोते समय गले में कुछ काटने का अहसास हुआ
रामकृष्ण रात में बिस्तर पर सो रहा था। तड़के उसे गले में कुछ काटने जैसा महसूस हुआ। नींद में ही उसने सांप को पकड़कर दूर फेंक दिया। उसकी चीख सुनकर परिजन जाग गए और बिस्तर के आसपास सांप की तलाश की। परिजनों के मुताबिक वह करैत सर्प था। बाद में उसे मार दिया गया। सांप के डसने के बाद रामकृष्ण की तबीयत बिगड़ने लगी।
* पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
मेडिकल कॉलेज से सूचना मिलने के बाद जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए। शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।
07 सितंबर / मंथन मित्तल





