* चोरी करने वालों द्वारा टावर गिराकर शासकीय संपत्ति को पहुंचाए गए नुकसान पर सरकारी संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम एवं विद्युत अधिनियम के तहत की गयी कार्यवाही
* माल-मशरूका शत-प्रतिशत बरामद
कोरबा (मंथन) कोरबा जिला पुलिस द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। जानकारी के अनुसार इसी क्रम में थाना बालको नगर पुलिस ने विद्युत टावर को गिराकर उसमें लगे एल्युमिनियम कंडक्टर वायर की चोरी करने के आरोप में 02 व्यक्तियो को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा हैं की उक्त घटना अंतर्गत उनके द्वारा विद्युत टावर को क्षतिग्रस्त कर गिराया गया तथा उसमें लगे एल्युमिनियम कंडक्टर वायर को काटकर चोरी किया गया। इस कृत्य से विद्युत विभाग की शासकीय संपत्ति को भी क्षति पहुंची।
* विद्युत टावर गिराकर की गई चोरी
04 सितंबर को प्रार्थी द्वारा थाना बालको नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 03/04 सितंबर की दरम्यानी रात्रि पेट्रोलिंग के दौरान अंबेडकर चौक, भदरापारा, बालको के आगे सीएसईबी की ओर जाने वाले मार्ग पर विद्युत टावर क्षतिग्रस्त एवं गिरा हुआ पाया गया। जांच में पाया गया कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा विद्युत टावर को गिराकर उसमें लगे एल्युमिनियम कंडक्टर वायर को काटकर चोरी किया गया है।
* पुलिस ने की तत्काल कार्यवाही अंतर्गत हुआ खुलासा
घटना की सूचना पर थाना बालको नगर पुलिस द्वारा तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आस-पास के क्षेत्र में पूछताछ एवं संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में जानकारी एकत्र की गई। संदेह के आधार पर पूछताछ किए जाने पर आरोपियों द्वारा विद्युत टावर को गिराकर उसमें लगे एल्युमिनियम कंडक्टर वायर चोरी करना स्वीकार किया गया।
* चोरी का माल-मशरूका शत-प्रतिशत बरामद
बताया जा रहा हैं की उनकी निशानदेही पर पुलिस द्वारा चोरी किए गए एल्युमिनियम कंडक्टर वायर का शत-प्रतिशत माल-मशरूका बरामद कर विधिवत जब्त किया गया है। इस प्रकार थाना बालको नगर पुलिस द्वारा मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए दोनों व्यक्तियो की गिरफ्तारी के साथ चोरी गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित की गई है।
थाना बालको नगर में अपराध क्रमांक 528/2026 पंजीबद्ध कर उनके विरुद्ध धारा 136, 139 भारतीय विद्युत अधिनियम, 2003, लोक संपत्ति नुकसान का निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 3 तथा धारा 61, 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई है।
* शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर होंगी सख्त कार्यवाही
कोरबा पुलिस द्वारा विद्युत व्यवस्था एवं शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाकर चोरी करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही लगातार जारी है। ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करते हुए सार्वजनिक एवं शासकीय संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।
06 सितंबर / मंथन मित्तल





